भीतरगांव (कानपुर)। बीते शुक्रवार को एसपी ग्रामीण की अगुवाई में साढ़ इलाके रातेपुर और देवपुरा गांवों के बीच लगे मेले में संचालित जुए के फड़ पर डाले गए छापे में सिर्फ चार जुआरी पुलिस की पकड़ में आए। मौके से एक कार और दस बाइकें बरामद की गईं। पकड़े गए चार नामजद और 7-8 अज्ञात जुआरियों के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। बरामद वाहनों के नंबरों के साथ ही वीडियोग्राफी और फोटो के आधार पर भागे जुआरियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस चौकी साढ़ के रातेपुर और देवपुरा गांवों के बीच लगे मेले में संचालित जुए के फड़ एसपी ग्रामीण ने टीम के साथ छापा मारा था। जिसमें शिवराजपुर एसओ समेत एसपी की स्वाट टीम के सदस्य शामिल थे। मौके से करीब दस लोगों को पकड़ा गया था। कोतवाली में साढ़ चौकी इंचार्ज मुकेश सोलंकी की तहरीर पर दर्ज किए गए मुकदमे में रसूलपुर-उमरा (साढ़) निवासी गुलाब सिंह, ढूहरपुर बंगला निवासी छविनाथ, रावतपुर, काकादेव (कानपुर) निवासी अमित कुमार और कृष्णा विहार गल्लामंडी, नौबस्ता (कानपुर) निवासी ऋषि शुक्ला को नामजद कर गिरफ्तारी दिखाई है। आरोपियों के कब्जे से जामा तलाशी में 1940 रुपये और फड़ में 3510 रुपये बरामद होना दिखाया गया है।