अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट। मनरेगा सहित गांव के विकास के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा बैठक शहर के मनरेगा सेल कार्यालय में हुई। मुख्य विकास अधिकारी जय प्रकाश पांडेय ने कार्य में रुचि न लेने वाले कर्मचारियों पर नाराजगी जताई। तीन सचिव प्रियंबरा, संदीप व गायत्री का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, राजस्व ग्रामों के ओडीएफ व अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकरी जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि कई कर्मचारी विकास कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं। ये कर्मचारी बैठकों में भी नहीं आते हैं। ये लोग कार्यशैली में सुधार लाएं नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी चित्रकूट कुलदीप सिंह, खंड विकास अधिकारी रामनगर शेर बहादुर, मानिकपुर विकास खंड अधिकारी आशाराम सिंह,पहाड़ी विकास खंड के प्रभारी खंड विकास अधिकारी मिश्री लाल व मऊ विकास खंड के प्रभारी अधिकारी रामउदय व एडीओ पंचायत रमेश गुप्ता ने क्षेत्र में होने वाले कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर विकास खंड के अवर अभियंता, ग्राम सचिव, कार्यक्रम अधिकारी आदि मौजूद रहे।