अमर उजाला ब्यूरो
इंदरगढ़। मायके गई पत्नी के न लौटने पर युवक ने नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह पेड़ से लटकता शव देखकर गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
थानाक्षेत्र के गांव सैय्यापुर निवासी पुष्पेंद्र (20) पुत्र विश्राम सिंह की बीती 18 जून 2017 को कानपुर देहात के विषधन गांव में रहने वाले नीलम देवी के साथ शादी हुई थी। पुष्पेंद्र नशे का शौक करता था। इससे अक्सर पत्नी नीलम से उसका विवाद होता था। 20 सितंबर को नशे की हालत में पुष्पेंद्र ने नीलम से मारपीट कर दी थी। इससे वह अपने मायके चली गई थी। मंगलवार को पुष्पेंद्र ने फोन कर उसे घर लौट आने की बात कही थी। इस पर नीलम ने इनकार कर दिया था। इसी बात को लेकर मंगलवार की रात पुष्पेंद्र परिजनों को बगैर कुछ बताए घर से निकल आया और गांव के बाहर खेतों में खड़े नीम के पेड़ पर उसने फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह खेतों की ओर गए किसानों ने पेड़ से लटकता शव देखा और इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी। इससे कोहराम मच गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की है।
पत्नी के घर न लौटने पर युवक ने दी जान
- पति के शराब अधिक पीने पर नाराज होकर पत्नी रह रही थी मायके