अमर उजाला ब्यूरो
हसनगंज (उन्नाव)। शादी की पहली सालगिरह के माहभर भी नहीं बीते कि युवती की ससुराल से अर्थी उठ गई। विवाहिता का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतका के पिता ने ससुरालीजनों पर बहन की हत्या कर शव लटकाए जाने व उसके देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने ससुर व देवर को हिरासत में लिया है। देर रात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है। दुष्कर्म मामले की जांच के लिए महिला डाक्टर ने स्लाइड बनाई है।
माखी थाना क्षेत्र के बौनामऊ गांव निवासी रामप्यारे ने बेटी केशपती (19) का विवाह 12 जुलाई 2016 को हसनगंज कोतवाली के भवनखेड़ा गांव निवासी राजेश पुत्र मुनेश कुमार के साथ किया था। दोनों के एक माह का बच्चा भी है। राजेश लखनऊ में प्लंबर का काम करता है। पति ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब एक बजे पत्नी ने उससे फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने अच्छे से
बात की। शाम करीब पांच बजे भाई अंकुश का फोन आया कि भाभी ने फांसी लगा ली। देवर ने मकान की दूसरी मंजिल पर भाभी का शव लटकता देखा तो पास में रह रहे चचेरे भाई मिथुन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पति व लखनऊ धरने पर गए मृतका का शिक्षामित्र ससुर गांव पहुंचे। पुलिस को सूचना दिए ही बगैर शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। गांव पहुंचे मृतका के पिता ने बताया कि
ससुरालीजन दहेज के लिए आए दिन बेटी को प्रताड़ित करते थे। कई बार पारिवारिक विवाद की शिकायत मिलने पर समझाबुझा कर शांत कराया। बताया कि जब वह पहुंचा तो बेटी का शव जमीन पर रखा था। एसएसआई विश्वदेव सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मृतका के देवर व ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फांसी से लटका मिला विवाहिता का शव
सालभर पहले हुई थी शादी, ससुरालीजनों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप
पुलिस ने ससुर व देवर को हिरासत में लिया, रेप की जांच के लिए बनाई स्लाइड