फतेहपुर चौरासी। फतेहपुर चौरासी ब्लॉक के गांव हफीजाबाद निवासी बच्ची की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई। बच्ची का लखनऊ के एक नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा था। जांच रिपोर्ट में बच्ची को स्वाइन फ्लू का खुलासा हुआ। फिलहाल रिपोर्ट अभी सीएमओ कार्यालय नहीं आई है।
रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू निकलने की जानकारी पर सीएमओ ने गांव स्वास्थ्य टीम भेजी है। पहले मियागंज निवासी महिला भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ चुकी है। उसका भी इलाज पीजीआई में चल रहा है।
हफीजाबाद गांव निवासी नरेंद्र शर्मा की बेटी महिमा (ढाई साल) को पंद्रह दिनों से बुखार आ रहा था। परिजनों ने पहले उसका इलाज स्वास्थ्य केंद्र में कराया, लेकिन जब फायदा नहीं हुआ तो 23 जुलाई को लखनऊ के विवेकानंद नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। यहां पहले बुखार का इलाज हुआ। मगर जब सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टर ने ब्लड की जांच कराई।
जांच रिपोर्ट आने से पहले ही 27 जुलाई को महिमा ने दम तोड़ दिया। 29 जुलाई को रिपोर्ट आई तो महिमा को स्वाइन फ्लू निकला। स्वाइन फ्लू से बच्ची की मौत की जानकारी सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद को होने पर उन्होंने स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा और परिवार का डॉक्टरी परीक्षण कराने के साथ ही टेमी फ्लू टेबलेट का वितरण कराया।
मालूम हो कि अभी तीन दिन पहले मियागंज कस्बा निवासी कुसुमलता (30) की भी स्वाइन फ्लू होने की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय आई थी। उनका भी इलाज लखनऊ के पीजीआई में चल रहा है।
सीएमओ डा. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि अभी स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय नहीं आई है। मीडिया कर्मियों से मिली जानकारी के बाद विभाग से तीन सदस्यीय टीम को हफीजाबाद भेजा है। जो परिवार का डॉक्टरी परीक्षण करने के साथ ही उन्हें दवा का वितरण कर रहीं हैं।
स्वाइन फ्लू के यह हैं लक्षण
बुखार, खांसी या जुकाम होने पर तुरंत चिकित्सक के पास जाएं।
कमजोरी व सांस फूलने वाले मरीज को भी स्वाइन फ्लू हो सकता है
गंदगी व गंदे जानवरों से दूर रहें। सबसे अधिक स्वाइन फ्लू गंदे जानवरों से फैलता है।
बचाव के उपाय
भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
किसी से हाथ मिलाने व गले मिलने से परहेज करें।
अपने मुंह व नाक को गंदे हाथ से न छुएं।
स्वाइन फ्लू पीड़ित व्यक्ति से कम से कम तीन फिट की दूरी पर रहे।
हाथों को साबुन व गुनगुने पानी से साफ करें।
खांसी व छीक आने पर मुंह को साफ कपड़े, रुमाल व टिशू से ढकें।
फ्लू जैसे लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
अधिक मात्रा में पानी व पेय पदार्थ का इस्तेमाल करें।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पोषक आहार लें।
खुद इलाज न करें, पूरी नींद लें।
घर के आसपास सफाई का विशेष ध्यान दें।
कमजोरी से बचना चाहिए।
लक्षण की जानकारी होने पर टेमी फ्लू टेबलेट का प्रयोग करें।
गंदे जानवरों को बाड़ों में बंद रखा जाए।
स्वाइन फ्लू के पांच साल में मिले मरीज व हुई मौतें
साल केस मौत
2013 02 02
2014 00 00
2015 12 03
2016 02 01
2017 में अभी 03 01
-फतेहपुर चौरासी के गांव हफीजाबाद की रहने वाली थी बच्ची
-लखनऊ के विवेकानंद हास्पिटल में चल रहा था इलाज
-जांच रिपोर्ट आने से पहले ही बच्ची ने तोड़ा दम
-सीएमओ के निर्देश पर गांव पहुंची स्वास्थ्य टीम, शुरू की चेकअप
अमर उजाला ब्यूरो