जीएसटी के विरोध में कन्नौज बाजार बंद
अमर उजाला ब्यूरो
कन्नौज। जीएसटी के विरोध में व्यापारियों की बंदी सफल रही। व्यापारियों ने सुबह से अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। सुबह कुछ दुकानें खुलीं तो उन्हें भी व्यापारियों ने बंद करा दिया। सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने जमकर नारेबाजी की और वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। जिले भर में जीएसटी के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया।
शुक्रवार सुबह से जीएसटी का विरोध बाजार में दिखने लगा। व्यापारी अपनी दुकानों के सामने चबूतरे पर बैठ गए। व्यापारियों का विरोध देख दुकान खोलने पहुंचे कुछ व्यापारी दुकान खोलने का साहस नहीं जुटा सके। कई जगह जीएसटी का विरोध कर रहे व्यापारियों ने दुुकानें नहीं खुलने दीं। व्यापारियों का कहना है कि सरकार पहले जीएसटी की विसंगतियों को दूर करे। इसके बाद इसे लागू करने की दिशा में प्रयास करे। खामियों के साथ लागू किए जा रहे जीएसटी बिल का वह विरोध करते हैं।
व्यापारियों ने लोहा मंडी, पीतल मंडी, कपड़ा, बाजार, चूड़ी वाली गली, सब्जी मंडी रोड, बर्तन बाजार, मिठाई बाजार, सरायमीरा मार्केट समेत अन्य बाजार बंद रखा। वहीं, विरोध प्रदर्शन के दौरान रतन गुप्ता, पुनीत गुप्ता, पवन अवस्थी, आनंद कुशवाह, अरविंद दुबे, राधेश्याम पाल, सुशील वैश्य, नीरज वैश्य, रामशंकर वैश्य, राकेश गुप्ता समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।
तालग्राम प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में जीएसटी के विरोध में व्यापारी लामबंद हैं। क्षेत्र की बाजारों में सन्नाटा दिखा। तालग्राम कस्बा में साप्ताहिक बाजार होने के चलते जीएसटी के विरोध में सभी दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर विरोध जताया। वहीं, क्षेत्र के अमोलर व ताहपुर में भी दुकानें बंद रहीं। एक-दो दुकानदार ही अपनी दुकान खोले रहे।
- सड़कों पर उतरे व्यापारी, लगाए नारे
- वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा