हरदोई जिले के 14 विकास खंडों की 138 ग्राम पंचायतों में गत वित्तीय वर्ष कराए गए मनरेगा कार्यों के सोशल ऑडिट के दौरान 61 लाख रुपये का घपला सामने आया है। इसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों के साथ शासन को भी भेज दी गई है।
मामले के सामने आने के बाद ग्राम प्रधानों से लेकर मनरेगा कर्मियों तक में खलबली मची है। मनरेगा कार्यों में गड़बड़ी पर दोषियों को सजा दिलाने के उद्देश्य से सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) कराया जाता है।
सोशल ऑडिट के लिए गठित टीमें पूर्व सूचना देकर गांव पहुंचती हैं और खुली बैठक में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों का ब्योरा रखा जाता है। इस दौरान ग्रामीणों से मिलने वाली आपत्तियों का अध्ययन कर अभिलेख भी जांचे जाते हैं।
इसके आधार पर ही जनपद की 138 ग्राम पंचायतों में कराए गए मनरेगा कार्यों में 6117388 रुपये की वित्तीय अनियमितता की पुष्टि सोशल ऑडिट के दौरान हुई है। पूरी आख्या गोपनीय रूप से शासन को भेज दी गई है।