देश में चर्चित कानपुर आईआईटी का सालाना उत्सव अंतराग्नि का आयोजन आठ अप्रैल से होने जा रहा है। इसमें विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और विजेताओं को लाखों रुपये के पुरस्कार भी मिलेंगे।
आईआईटी में आठ अप्रैल से अंतराग्नि-21 का जादू चलेगा। पहली बार अंतराग्नि की प्रो नाइट में रेड बुल की टूर बस आएगी, जो संगीत की धुन पर सबको झुमाएगी।
विज्ञापन
अंतराग्नि के 56वें संस्करण में कुल 56 प्रतियोगिताएं होंगी। प्रो नाइट्स और कल्चरल नाइट के कार्यक्रम ऑफलाइन और शेष प्रतियोगिताएं ऑनलाइन ही होंगी। अंतराग्नि का आयोजन आठ अप्रैल से 10 अप्रैल के बीच होगा।
कोरोना की वजह से अक्तूबर 2021 में यह कार्यक्रम नहीं हो पाया था। फैशन शो ऋतंभरा, टॉक शो समेत अन्य प्रतियोगिताएं ऑनलाइन ही होंगी। इसमें देश भर के कई संस्थानों के छात्र हिस्सा लेंगे। प्रो-नाइट्स में केवल संस्थान के छात्रों को ही आएंगे, बाकी छात्र ऑनलाइन जुड़ेंगे।
नौ अप्रैल को प्रो-नाइट में रेडबुल टूर बस आएगी। बस में डीजे रित्विज भी रहेंगे। 10 अप्रैल की प्रो नाइट में बॉलीवुड गायिका सुनिधि चौहान आ सकती हैं। कवि सम्मेलन और क्लासिकल नाइट भी होगी। विभिन्न इवेंट के विजेताओं को लाखों रुपये के पुरस्कार भी मिलेंगे।
अंतराग्नि के फेस्टिव कोऑर्डिनेटर दीपेश ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल की वजह से अभी कुछ इवेंट को ही ऑफलाइन करने की अनुमति मिली है।