कोहरे ने बिगाड़ी चाल, राजधानी एक्सप्रेस समेत 55 ट्रेनें रेंग-रेंग कर आईं
- फोटो : अमर उजाला
कोहरे की वजह से बिगड़ी ट्रेनों की चाल गुरुवार को भी सुधर नहीं पाई। बिहार की ओर से आने सभी राजधानी एक्सप्रेस लगभग दो घंटे विलंब से सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं। श्रमशक्ति एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटे लेट रही। लगभग 55 ट्रेनें लेट चल रही हैं। हालांकि, दिल्ली से आने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस, कालका, जोधपुर हावड़ा एक्सप्रेस समय से सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं।
लंबी दूरी की ट्रेनों का परिचालन कोहरे की वजह से बिगड़ गया है। खासतौर पर उत्तरी भारतीय क्षेत्रों में चलने वाली ट्रेनों की चाल पर कोहरे का असर इससे समझा जा सकता है कि सुबह 5:17 बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंचने वाली अप रूट (बिहार की ओर से आने वाली) कोलकाता राजधानी, सियालदाह, पटना राजधानी, रांची राजधानी, डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस लगभग दो घंटे देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं।
श्रमशक्ति एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब से यहां पहुंची। प्रयागराज एक्सप्रेस भी एक घंटे लेट रही। जोधपुर हावड़ा, नंदन कानन एक्सप्रेस 15 से 20 मिनट की देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची। सीमांचल एक्सप्रेस 4 घंटे, अजीमाबाद एक्सप्रेस 7 घंटे, इंटरसिटी 4 घंटे और मूरी एक्सप्रेस 2 घंटे लेट रही। इस प्रकार कुल 55 ट्रेनें देरी से कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंचीं।
पूछताछ काउंटर रहा बंद
उधर, गुरुवार को कैंट साइड पर पूछताछ काउंटर बंद होने के कारण ट्रेनों के बारे में जानकारी लेने के लिए यात्री भटकते नजर आए। प्रतीक्षालयों में यात्रियों की काफी भीड़ रहीं।