कानपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 205 पीएम आवासों के लिए 5300 से ज्यादा आवेदन फार्म बिक चुके हैं। इन्हें खरीदने वालों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इसके मद्देनजर विकास प्राधिकरण ने फार्म खरीदने और जमा करने की तारीख बढ़ाकर 17 अप्रैल कर दी है। तब तक 10,000 से ज्यादा फार्म बिकने का अनुमान है।
केडीए ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत महावीरनगर, रामगंग इन्क्लेव, भागीरथी-जाह्नवी, सकरापुर योजना में खाली पड़े 205 फ्लैटों को आवंटित करने के लिए 27 फरवरी से दो अप्रैल तक आवेदन मांगे थे। विकास प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के अनुसार एचडीएफसी बैंक की कानपुर नगर की किसी भी शाखा से इस योजना के आवेदन फार्म खरीदे जा सकते हैं और किसी भी शाखा में जमा भी किए जा सकते हैं। आवेदन फार्म खरीदने और जमा करने वालों की सबसे ज्यादा भीड़ केडीए में हो रही है। तय अवधि में 5300 से ज्यादा आवेदन फार्म बिके और करीब 5100 फार्म जमा भी हो चुके हैं। केडीए उपाध्यक्ष मदन सिंह गर्ब्याल ने बताया कि अब 17 अप्रैल तक आवेदन फार्म जमा किए जा सकते हैं।