बिल्हौर (कानपुर)। तहसील क्षेत्र के 47 गांवों से गुजरी जीटी रोड के चौड़ीकरण और विस्तारीकरण के लिए एनएच-91 के अफसरों ने अधिगृहीत भूमि पर कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू की है। हाईवे के अफसरों ने जीटी रोड किनारे कई पक्के निर्माण को ढहाने का काम चालू किया है।
कानपुर सर्किल के एनएच-91 के निदेशक गौरव गुप्ता के निर्देश पर बुधवार को क्षेत्र के गांगूपुर और कन्नौज जनपदीय सीमा से सटे गांवों में अधिगृहीत की गई जमीन पर कब्जा की कार्रवाई शुरू की। गांगूपुर जनपदीय सीमा पर एकाएक जीटी रोड चौड़ीकरण की लिए भूमि कब्जे की कार्रवाई शुरू होने से गांवों में अफरा-तफरी मच गई। हो-हल्ला देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एसडीएम बिल्हौर हिमांशु गुप्ता ने बतायाकि सिक्स लेन जीटी रोड के अधिगृहीत भूमि पर कब्जा लिए जाने की तैयारी पूर्व में कर ली गई थी, बुधवार को जमीन और कच्चे पक्के निर्माण और शीतगृहों की चहारदीवारी गिराई गई है। एसडीएम ने बताया कि जिन-जिन किसानों ने अधिग्रहीत भूमि पर फसल बो रखी है वह अविलंब फसल काटकर खेत खाली करें।