कानपुर देहात। सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने बैठक कर राष्ट्रीय वार्षिक ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण द्वितीय चरण की तैयारी की समीक्षा की। वहीं शौचालय से वंचित परिवारों की फीडिंग कराने के निर्देश दिए। कहा कि फीडिंग होने के बाद ही शौचालय निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होगी। जिससे फीडिंग में लापरवाही न की जाए। बैठक से अनुपस्थित रहने वाले ग्राम पंचायत अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीएम राकेश कुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय वार्षिक ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण द्वितीय चरण योजना में चयनित 84 ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक भवनों में शौचालयों की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। इन गांवों में कोई भी व्यक्ति खुले में शौच न जाए। इसके लिए पंचायत सचिव ग्रामीणों से बात कर उन्हें जागरूक करें। गांव के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बाल सुलभ शौचालय बनाने के निर्देश दिए। वहीं परिषदीय स्कूलों व पंचायत भवन में शौचालय दुरुस्त रखने के लिए कहा। गांवों में लोगों को पंचायत सचिव शौचालय के उपयोग व सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई रखने के प्रति जागरूक करें। गांव के कचरा आदि का निस्तारण करने की व्यवस्था पर चर्चा की। डीएम ने सीडीओ महेंद्र कुमार राय को निर्देश दिए कि बैठक से अनुपस्थित रहने वाले ग्राम पंचातय अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी व एडीओ पंचायत को चिह्नित कर उनसे स्पष्टीकरण तलब करने के साथ वेतन काटने की कार्रवाई करें। शौचालय से वंचित परिवारों की फीडिंग 30 नवंबर के पहले विभाग की वेबसाइट में करने के निर्देश दिए। इस दौरान डीडीओ अभिराम त्रिवेदी, पीडी शिवशंकर पांडेय के अलावा बीडीओ एडीओ आदि मौजूद रहे।