झींझक(कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के लौवा का पुरवा गांव में रविवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने कमरे में रखे बक्सों का ताला तोड़कर लाखों के जेवर, कपड़ा पार कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के लौवा पुरवा गांव में निवासी रामसखी पत्नी स्वर्गीय बिश्राम अपनी पुत्री प्रियंका के साथ घर के आगे की तरफ बने कमरे में लेटी थी। तभी देर रात घर के पीछे की तरफ से दीवार के सहारे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए चोरों ने बक्सों का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये के जेवर व कपड़ा चोरी कर लिया। सुबह जानकारी होने पर घर में हड़कंप मच गया। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू की है। रामसखी ने बताया की मेरे पुत्र सर्वेश, बृजेश, रवींद्र, सोनू व अंकुश पानीपत हरियाणा में मजदूरी करते हैं। वहीं वह पुत्री के साथ गांव में रहती हैं। उन्होंने बताया कि रात में सभी घर के बाहर वाले कमरे में सो रहे थे, जिस पर चोरों ने छत के रास्ते आकर करीब तीन लाख का जेवर व कपड़ा चोरी कर लिया। प्रभारी निरीक्षक थाना मंगलपुर तुलसीराम पांडेय ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।