घाटमपुर (कानपुर)। कस्बे के जहानाबाद रोड पर ओवरटेक करने के चक्कर में टैंकर ने आगे जा रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई। जबकि, चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद टैंकर चालक ने थाने में समर्पण कर दिया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना मंगलपुर (कानपुर देहात) के गांव प्रयागपुर निवासी श्रीपाल (45) बीते बुधवार को अपने साढ़ू गांव पहेवा (घाटमपुर) निवासी छोटे के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। गुरुवार की सुबह घर लौट रहा था। श्रीपाल का साला राघवेंद्र (30) निवासी कसबा व थाना बरौर कानपुर देहात भी था। बाइक राघवेंद्र चलाए था।
गुरुवार की सुबह 8 बजे कसबे के रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रहे गैस टैंकर ने बाइक में टक्कर मार दी। टैंकर की टक्कर से बाइक सवार उछलकर एक ओर जा गिरे। श्रीपाल के सिर पर गंभीर चोट लगी। हेलमेट लगाए होने से उसके साले राघवेंद्र का सिर तो बच गया लेकिन, शरीर पर अन्य जगह गंभीर चोटें आईं। दोनों को एंबुलेंस से तत्काल सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया गया। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। घायल राघवेंद्र को इलाज के लिए कानपुर रेफर कर दिया। इधर, गैस टैंकर के चालक ने कोतवाली में पहुंचकर समर्पण कर दिया।
कोतवाल दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर हिरासत में लिया गया है। वहीं श्रीपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
एक अन्य हादसे में मुख्य चौराहे पर ट्रक ने साइकिल सवार एक किशोर को टक्कर मार दी। संयोग से हादसे में किशोर बाल-बाल बच गया। जबकि, उसकी साइकिल ट्रक के नीचे आ जाने से चकनाचूर हो गई। पुलिस ने ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लिया है।