सजेती (कानपुर)। कानपुर-सागर राजमार्ग पर थाना सजेती के अनूपुर मोड़ पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक पर सवार मां-बेटे को कुचल डाला। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को इलाज के लिए हैलट अस्पताल (कानपुर) भेजा गया है। पुलिस ने मां-बेटे को शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस चौकी साढ़ (घाटमपुर) के सरसी गांव निवासी दीपक (32) अपनी बहन अंगूरा देवी (40) पत्नी महेश निवासी ग्राम विजयीपुर, थाना मूसानगर (कानपुर देहात) और भांजे सौरभ (03) के साथ बाइक से किसी काम से मौदहा (हमीरपुर) जा रहा था। सुबह करीब 10.30 बजे वह जैसे ही थाना सजेती के अनूपुर मोड़ के निकट पहुंचा। तभी तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मासूम बेटे को गोद में लिए बाइक पर बैठी अंगूरा देवी उछलकर रोड पर गिर गई और डंपर ने दोनों को रौंद दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, बाइक चालक दीपक उछलकर दूसरी ओर गिरा। हेलमेट लगाए होने से उसका सिर तो बच गया लेकिन, शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद चालक डंपर वहीं खड़ा करके मौके से भाग गया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम को भिजवाया। जबकि, घायल बाइक चालक को एंबुलेंस से तत्काल कानपुर के लिए रवाना किया गया। सजेती थानाध्यक्ष रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि डंपर को कब्जे में लेने के बाद चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।