फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 45 अंग्रेजी माध्यम से संचालित स्कूलों में सोमवार से पढ़ाई-लिखाई शुरू हो जाएगी। विद्यालयों में साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का कार्य रविवार देर शाम तक चलता रहा। बीएसए ने नगर शिक्षा अधिकारी सहित सभी बीईओ को तैयारियां पूरी कराने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को बीएसए अनिल कुमार ने कार्यालय में बैठकर अंग्रेजी माध्यम से संचालित विद्यालयों की तैयारियों की समीक्षा की। विद्यालयों में रंगाई पुताई के साथ ही टीएलएम का कार्य भी कराने के निर्देश दिए। बीएसए ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए कि स्कूल खुलने के दौरान सभी बच्चे ड्रेस पहनकर ही आएं। विद्यालयों को समय से खोला जाए। विद्यालयों में साज-सज्जा के साथ ही जनप्रतिनिधियों से उद्घाटन करवाया जाए। बीएसए
ने बताया कि बढ़पुर ब्लाक के गांव बिजाधरपुर में स्थित विद्यालय का उद्घाटन सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी करेंगे। कायमगंज ब्लाक में विधायक अमर सिंह खटिक और कमालगंज में भोजपुर विद्यालय नागेंद्र सिंह राठौर और राजेपुर ब्लाक में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी माध्यम से संचालित विद्यालयों के साथ ही हिंदी माध्यम के विद्यालयों की निगरानी के लिए समिति का गठन किया जाएगा। समिति विद्यालयों में पढ़ाई के साथ ही अनुशासन को भी परखेगी।
परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देने के लिए जेएम पोर्टल के माध्यम से 20 कंप्यूटरों की खरीद कर ली गई है। बीएसए अनिल कुमार ने बताया कि प्रति विद्यालय 1.25 लाख की लागत से कंप्यूटरों की खरीद की गई है। उन्होंने बताया कि प्रति विद्यालय में एक सीपीयू, एक यूपीएस, तीन टीएफटी मॉनीटर, तीन की बोर्ड व तीन माउस की खरीद की गई है। (ब्यूरो)
फर्रुखाबाद। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कार्य करने वाली शिक्षिकाओं व कर्मचारियों का नवीनीकरण हो गया है। चार को सशर्त बहाल किया गया है। जिलाधिकारी मोनिका रानी के निर्देश पर बॉ विद्यालयों में कार्यरत 63 में से 62 लोगों का नवीनीकरण कर लिया गया। वहीं कायमगंज ब्लाक के विद्यालय में कार्यरत चौकीदार कश्मीर सिंह को अनुपस्थित रहने पर सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई है। जिला समन्वयक बालिका शिक्षिका हर्ष दीपांकर तिवारी ने बताया कि बॉ विद्यालयों में 75 पद स्वीकृत हैं। 12 पद रिक्त चल रहे हैं। तीन शिक्षिका, एक रसोइया को सशर्त नवीनीकरण करने के निर्देश हुए हैं। (ब्यूरो)
फर्रुखाबाद। माध्यमिक शिक्षा परिषद की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन जीआईसी फतेहगढ़ में समाप्त हो गया है। जीआईसी में अंकेक्षण कार्य चल रहा है। वहीं रस्तोगी इंटर कालेज स्थित मूल्यांकन केंद्र पर रसायन विज्ञान की कापियां जांची जा रही हैं। उप नियंत्रक संतोष त्रिपाठी ने बताया कि एक-दो दिन में मूल्यांकन कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
अंग्रेजी स्कूलों में आज से पढ़ाई-लिखाई शुरू
बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जिले में 45 अंग्रेजी माध्यम से खोले गए स्कूल
विद्यालयों में रविवार शाम तक सफाई और रंगाई-पुताई का काम चलता रहा
अमर उजाला ब्यूरो