फर्रुखाबाद। शहर क्षेत्र में होने वाली घटनाओं पर तीसरी आंख नजर रखेगी। इसके लिए विधायक निधि से शहर के तिराहे और चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। जल्द ही शहर के प्रमुख तिराहे-चौराहों को चिह्नित कर लिया जाएगा। साधाना हत्याकांड के खुलासे में सूत्रधार बने पड़ोसी के घर बाहर लगे सीसी कैमरे ने पुलिस व प्रशासन को अपनी उपयोगिता समझा दी है।
शहर क्षेत्र में आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। लूट, चोरी की बढ़ती वारदातों से शहरी दहशत में हैं। चोर बड़ी आसानी से चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर निकल जाते हैं पुलिस लकीर पीटती रह जाती है। पुलिस का तर्क है कि सीसीटीवी कैमरे लगे हों तो उसकी फुटेज से आसानी से चोरों और अराजकतत्वों की पहचान कर घटना
का खुलासा किया जा सकता है। करीब चार-पांच साल पहले पुलिस ने लालदरवाजा फव्वारा के पास सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। जिसके माध्यम से अराजकतत्वों पर नजर रखी जा सके। कुछ दिनों बाद यह सीसीटीवी कैमरा खराब हो गया। मौजूदा समय में फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में कहीं भी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। विधायक निधि से फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ युग्म नगरों में प्रमुख तिराहे और चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना बनाई जा रही है। सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने कहा कि विधायक निधि से शहर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। कैमरे लगने से अपराधों पर अंकुश लगेगा। पुलिस को भी आपराधिक घटनाओं का खुलासा करने में आसानी होगी। सीसीटीवी कैमरे में हर किसी की गतिविधियां कैद हो जाएंगी।
शहर में तीसरी आंख की होगी निगहबानी
विधायक निधि से फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ में तिराहे-चौराहे पर लगाई जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
बढ़ती आपराधिक घटनाओं के खिलाफ बढ़ते जनाक्रोश को लेकर प्रशासन ने उठाया कदम
अमर उजाला ब्यूरो