फर्रुखाबाद। युवक की गला घोट कर हत्या करने के बाद उसके शव को कासगंज फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन के शौचालय में डाल दिया गया। रात में ट्रेन के शौचालयों की सफाई करने के दौरान कर्मचारियों ने शव को देखा। इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर और जीआरपी पुलिस को दी। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें हत्या होने का मामला सामने आया है। युवक की जीआरपी पुलिस शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
मंगलवार की रात कासगंज से फर्रुखाबाद आने वाली 15042 पैसेंजर ट्रेन रात करीब 11.45 बजे फर्रुखाबाद स्टेशन पर आई। सफाई करने के लिए कर्मचारी टेन में गए। सफाई करने के दौरान बोगी संख्या 13348 के शौचालय में अज्ञात युवक (21) का शव पड़ा देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। कर्मचारियों की सूचना पर
स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। स्टेशन मास्टर ने मेमो भेज कर जीआरपी को जानकारी दी। जीआरपी थाने के प्रभारी एसओ राजकुमार शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शव को शौचालय से बाहर निकलवाने के बाद उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान मृतक के पास से एक टिकट कासगंज से फर्रुखाबाद का निकला। उसके वाए हाथ में
सोनम और दाए हाथ में आकाश गुदा हुआ था। उसके गले पर चोटों के निशान भी थे। पुलिस ने उसकी शिनाख्त कराने के लिए कई यात्रियों को दिखाया। इसके बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टर मोहम्मद आरिफ ने किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की 18 घंटे पूर्व गला घोंट कर हत्या किए जाने की पुष्टि की गई। प्रभारी एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। पोस्टमार्टम का बंद लिफाफा एसपी आगरा को भेजा जा रहा है। उनका आदेश आने के बाद आगे की कार्रवाई की
जाएगी। उन्होने ने बताया कि युवक सिलेटी रंग की पेंट और नीले रंग की जैकेट पहने हुए था। मृतक युवक ने कासगंज स्टेशन पर युवक ने 7.06 मिनट पर टिकट को लिया गया था। ट्रेन कासगंज से फर्रुखाबाद के लिए रात 9.20 बजे चलती है। मामले की जांच की जा रही है। शिनाख्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक की हत्या कर शव ट्रेन के शौचालय में डाला
कासगंज फर्रुखाबाद पैसेंजर की बोगी में मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं
अमर उजाला ब्यूरो