फर्रुखाबाद। किसानों को खेती के लिए सस्ता पानी दिए जाने के दावे हवा में हैं। जमीनी हकीकत यह है कि बिजली न मिलने से मौजूदा समय दस नलकूप बंद पड़े हैं। किसानों को फसल में पानी लगाने के लिए प्राइवेट नलकूप संचालकों से पानी खरीद कर सिंचाई करनी पड़ रही है। इन दस नलकूपों में चार नलकूप ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बंद पड़े है। इनको 48 घंटे में बदलने को सरकार के आदेश है। इस आदेश को विभागीय अधिकारी अनदेखी के चलते पलीता लगा रहे है।
ग्रामीण इलाकों में सरकारी नलकूप लगे है। इनसे किसानों को सिंचाई करने के लिए मुफ्त में पानी दिया जाता है। नलकूप विभाग ट्यूबवेल के बिजली बिल का भुगतान करता है। जिले में 10 गांव के सरकारी नलकूप बिजली तार टूटने, लोवोल्टेज आने और ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण बंद पड़े है। इस कारण किसानों को खेती करने के लिए सरकारी योजना के तहत मुफ्त में पानी नसीब नहीं हो रहा है। उनको फसल सींचने के लिए प्राइवेट नलकूप
संचालकों से 150 से 200 तक रुपये बीघा के हिसाब से पानी खरीद कर लगाना पड़ रहा है। जबकि प्रदेश सरकार के आदेश है कि तार टूटने और लोवोल्टेज की समस्या आने पर उसको शीघ्र दूर किया जाए। अगर किसी नलकूप या गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाए या खराब हो जाए तो उसको 48 घंटे में हर हाल में बदल दिया जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। दो सरकारी नलकूपों के ट्रांसफार्मर 10 दिन और दो नलकूपों के ट्रांसफार्मर करीब सात दिन से खराब होने के कारण बंद है। अन्य नलकूप बिजली की अन्य समस्या के कारण बंद है। जिनके ट्रांसफार्मर खराब पड़े है। उनको 48 घंटे के अंदर नहीं बदला गया। इस कारण नलकूप बंद पड़े है और किसानों को मुफ्त पानी मिलना नसीब नहीं हो पा रहा है। वह प्राइवेट नलकूप संचालकोें से पानी खेत में लगाने को खरीदने के लिए मजबूर है।
सात दिन से बंद सरकारी नलकूप- गांव बबना का 13 केएमजी नलकूप 15 नंवबर से ट्रांसफार्मर खराब होने से बंद। गांव बहोरिकपुर का 171 एफजी नलकूप केबल खराब होने से 14 नंवबर से बंद। गांव भड़ौसा का नलकूप 165 एफजी का 14 नवंबर से ट्रांसफार्मर खराब होने से बंद पड़ा है।
10 दिन से बंद पड़े सरकारी नलकूप- गांव मदनपुर का नलकूप 50 एफजी 8 नंवबर ट्रांसफार्मर की खराबी, गांव मौधा का 220एफजजी 6 नवंबर से ट्रांसफार्मर की खराबी के कारण बंद पड़ा है।
15 दिन से बंद पड़ा नलकूप- गांव रोशनाबाद का 137 केएमजी हाई वोल्टेज आने के कारण बंद पड़ा है।
एक माह से बंद पड़े नलकूप- गांव पुढरी का 156 एफजी का लोवोल्टेज, गांव उलियापुर का 62 केएमजी का आपूर्ति लाइन टूटी होने और गांव कुवेरपुर का 172 एफज्ी का आपूर्ति लाइन चोरी होने के कारण बंद पड़ा है।
सरकारी नलकूप से किसानों को मुफ्त में पानी दिया जाता है। जो बिजली का बिल आता है वह नलकूप विभाग से भुगतान किया जाता है। जो नलकूप खराब पड़े है। उसकी सूची बिजली विभाग को भेज दी गई है। रणवीर सिंह चौहान, एक्सईएन नलकूप।
नलकूप विभाग से जो सूची नलकूप बंद होने की मिली है। उनको चालू कराने के एसडीओ को निर्देश दिए गए है। कितने नलकूप चालू हुए है, इसकी रिपोर्ट एसडीओ से मांगी है। जीएस कशेरवाल, एक्सईएन ग्रामीण
बिजली न मिलने से 10 सरकारी नलकूप हुए बंद
किसानों को फसल में पानी लगाने को खरीदना पड़ रहा पानी
48 घंटे में ट्रांसफार्मर बदलने की सरकारी दावा फेल
अमर उजाला ब्यूरो