अमर उजाला ब्यूरो
इटावा। बिना अनुमति के बकेवर में चुनाव कार्यालय खोलने पर ने नगर पंचायत बकेवर के सपा प्रत्याशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया।
नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर डीएम जे सेल्वा कुमारी व एसएसपी वैभव कृष्ण बकेवर ,लखना के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण करके जिला मुख्यालय जा रहे थे। इटावा रोड स्थित एक स्थान पर काफी तादाद में लोग इकट्ठा दिखाई दिए। उन्होंने एसडीएम भरथना हेम सिंह को सूचना दी।
इस पर सीओ भरथना विकास जायसवाल व प्रशिक्षु सीओ राहुल पांडे व एसओ आलोक राय मौके पर पहुंचे। वहां की वीडियोग्राफी मोबाइल में की। वहां खाना बनता हुआ मिला। मौजूद भीड़ आला अधिकारियों को देखकर तितर बितर होने लगी। इसके बाद उन्होंने प्रत्याशी से एवं वहां मौजूद सपा नेताओं से चुनाव कार्यालय खोलने की प्रशासन की परमीशन का अनुमति पत्र मांगा।
सपा प्रत्याशी ने जो अनुमति पत्र दिखाया उस पर संबंधित अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं थे।अत: बिना परमीशन के चुनाव कार्यालय खोलने को के मामले में आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन माना गया। कस्बा इंचार्ज ब्रजेंद्र शर्मा ने सपा प्रत्याशी ज्वाला कठेरिया के विरुद्ध आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज कराया।