अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। खानपुर बाईपास स्थित हाईवे पर रविवार रात एक वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। सैफई मिनी पीजीआई ले जाते समय एक युवक ने दम तोड़ दिया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के मोहल्ला बघाकटरा निवासी रत्नेश (24) पुत्र हरीशंकर अपने दोस्त सोनू (19) पुत्र मंगूलाल के साथ रविवार रात शहर में ही एक शादी समारोह कार्यक्रम में शामिल होने गया हुआ था। लौटते समय खानपुर बाईपास पर हाईवे पर किसी वाहन ने बाइक मेें टक्कर मार दी।
इससे दोनोें युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच जानकारी मिलने पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रत्नेश को सैफई रेफर कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजन घायल को लेकर सैफई के लिए रवाना हुए।
लेकिन रास्ते में रत्नेश ने दम तोड़ दिया। इस मामले में मामूली घायल सोनू ने बताया कि देर रात जब वह दोनों लौटे तो घर में सभी लोग सो रहे थे। कई बार आवाज लगाने पर दरवाजे नहीं खुले।
इस पर वह दोनों बाइक से रात में शहर भ्रमण पर निकलते हुए हाईवे पर पहुंच गए। तभी हादसे का शिकार हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।