कानपुर। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ 51 जोड़ों ने सात फेरे लिए और एक दूसरे का हमेशा साथ देने का वादा किया। मौका था किदवईनगर के आनंदपुरी स्थित दशहरा ग्राउंड में कानपुर वरिष्ठ नागरिक जन सेवा संस्था, जेसीआई इनफाइनाइट व फिक्की फ्लो की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह का। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे बरातियों को स्वागत तिलक लगाकर किया गया। इसके बाद जयमाल हुआ। सभी जोड़ों ने 51 अलग-अलग बनाए गए हवनकुंड में पंडितों व आचार्यों की उपस्थिति में पूरे विधिविधान के साथ हवन किया और अग्नि के सात फेरे लिए। संस्था की ओर से बेटियों को उपहार स्वरूप गृहस्थी का सामान भी दिया गया। कार्यक्रम निदेशक ऋषभ व गोपाल ने बताया कि संस्था इन वधुओं को स्वावलंबी बनाने के लिए ब्यूटीशियन का कोर्स भी कराएगी। इस मौके पर कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, प्रिया, श्वेता, कीर्ति श्रॉफ, माधव गुप्ता, अनूप गुप्ता, अनिकेत गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद