कानपुर। नगर निगम चार करोड़ से शहर की 50 सड़कों को दुरुस्त कराएगा। पैचवर्क और सड़क निर्माण के लिए शुक्रवार को टेंडर डाले गए। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने एक हफ्ते में वर्कऑर्डर जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
परेड चौराहे में दयाराम स्वीट्स व रामलीला मैदान के पास 9.40 करोड़ से पैचवर्क, यशोदानगर की सतबरी रोड से जय गुरुदेव प्रोविजन स्टोर से हर-हर महादेव गेस्ट हाउस तक 9.91 लाख से पैचवर्क, जवाहरनगर में 8.12 लाख से पैचवर्क होगा। ईदगाह में 9.80 लाख से सड़क निर्माण और छबीलेपुरवा खुला कूड़ा अड्डा पर 2.07 लाख से टिन शेड का कार्य होगा। मरियमपुर से कोकाकोला चौराहे तक उखड़ी व गड्ढों वाली सड़क से 12 साल बाद शहरियों को निजात मिलेगी। नगर निगम दो करोड़ से करीब 1400 मीटर लंबी यह सड़क बनवाने जा रहा है।
रावतपुर से देवकी चौराहे तक की सड़क बदहाल
नगर आयुक्त के आदेश के बाद भी पीडब्ल्यूडी ने रावतपुर क्रॉसिंग से देवकी चौराहा तक की सड़क को चलने लायक बनाना तो दूर, अभी तक गड्ढे भी नहीं भरे है। बता दें कि 13 अक्तूबर को नगर आयुक्त ने तीन दिन में इस सड़क को चलने लायक बनाने के आदेश दिए थे, लेकिन दस दिन बाद भी सड़क ठीक नहीं हुई है।