कानपुर देहात। जिले में कानपुर-झांसी हाईवे के किनारे की भूमि पर लोगों ने कब्जा कर पक्के निर्माण करा लिए हैं। इस पर हाईवे मेंटीनेंस का काम देख रही कंपनी ने कुल 47 कब्जेदारों को नोटिस जारी किया है। अतिक्रमण नहीं हटाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
कानपुर-झांसी हाईवे के किनारे की भूमि पर जिले में चौरा, भोगनीपुर, पुखरायां, लालपुर, माती, किशनपुर, मुरीदपुर व जैनपुर में लोगों ने कब्जा कर मकान या फिर दुकानें आदि बना ली हैं। इससे कई जगह पर हाईवे संकरा है। वहीं सर्विस लेन की दिक्कत बनी है। अब हाईवे चौड़ीकरण का काम कराया जाना है। पिछले दिनों आटा, जालौन टोल प्लाजा में मेंटीनेंस का काम देख रही ओबी इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने मार्ग का सर्वे कराया।
इसमें जिले के आठ स्थानों पर कुल 47 कब्जेदार चिह्नित किए गए हैं। मेंटीनेंस कंपनी ने सभी कब्जेदारों को नोटिस देकर हाईवे की भूमि कब्जामुक्त करने का अल्टीमेटम दिया है। मेंटीनेंस कंपनी के इंचार्ज रियायत राही ने बताया कि कब्जा नहीं छोड़ने पर प्रशासन व पुलिस की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी। नोटिस आदि की कार्रवाई से हाईवे प्राधिकरण के परियोजना निदेशक को भी अवगत कराया गया है।