कानपुर। नगर आयुक्त के निरीक्षण में सोमवार सुबह वार्ड-61 (तिलकनगर) में 46 सफाई कर्मचारी अपनी जगह काम करते नहीं मिले। उन्होंने जोनल स्वच्छता अधिकारी (जेडएसओ) देवेंद्र सिंह को जोन चार से हटाने के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, सफाई पर्यवेक्षक का वेतन रोकने के साथ ही एक दिन का वेतन काटने के लिए कहा।
स्वरूपनगर में माता स्वरूप रानी मार्ग पर करीब डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण सीएम ग्रिड योजना के तहत हो रहा है। नगर आयुक्त ने केस्को से समन्वय बनाकर केबल शिफ्टिंग का कार्य जल्द पूरा करने और अप्रैल के आखिर तक आदर्श पैच तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान एक भवन स्वामी की शिकायत पर घुमावदार फुटपाथ की डिजाइन में बदलाव कर सीधा बनाने के लिए कहा। उन्होंने जोन-छह में रामनवमी के जुलूस मार्ग और रामलला मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। रावतपुर गुटैया क्राॅसिंग पर सब्जी मंडी के कारण लगने वाले जाम पर नाराजगी जताते हुए इसे पीछे शिफ्ट करने और सड़क किनारे रेलिंग लगाने के लिए कहा। गोल चौराहे की फल मंडी को भी शिफ्ट करने के निर्देश दिए।