ठंड में ब्लड प्रेशर बढ़ने से हार्ट अटैक के लक्षण वाले रोगी कार्डियोलॉजी में भर्ती हो रहे हैं। शनिवार को कार्डियोलॉजी में हार्ट अटैक के लक्षण वाले 45 रोगियों को भर्ती किया गया। इसके साथ ही 60 रोगियों ने इमरजेंसी में स्वास्थ्य परीक्षण कराया। रोगी सांस फूलने, छाती में बाईं तरफ भारीपन और चक्कर आने के लक्षण लेकर आए थे। ओपीडी में 850 रोगियों ने जांच कराई। कार्डियोलॉजी के निदेशक प्रोफेसर राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि रोगियों की एंजियोग्राफी तथा अन्य जांचें कराई जा रही हैं। इसके साथ ही हैलट इमरजेंसी में रात तक 36 रोगी भर्ती हुए। इनमें ब्रेन स्ट्रोक, अस्थमा, निमोनिया, सीओपीडी, लिवर और गुर्दा फेल के रोगी रहे हैं।