मूसानगर। नगर पंचायत कार्यालय में सोमवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। जिसमें 44 करोड़ 90 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया। इसमें नगर पंचायत के सभी वार्डों के विकास कार्यों का खाका तैयार किया गया। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों के प्रस्ताव पटल में रखे। जिन पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गई।
नगर पंचायत के बोर्ड की बैठक अध्यक्ष पूजा निषाद की अध्यक्षता में शनिवार की शाम की गई। अधिशासी अधिकारी नरेश सिंह ने नगरपंचायत के आय व्यय का व्योरा प्रस्तुत किया। साथ ही नए विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव मांगे गए। जिनको सभासदों ने पटल पर रखते हुए चर्चा की। इसमे कब्रिस्तान, शमशान घाट, तालाब सुंदरीकरण, पार्क सुंदरीकरण, आदर्श नगर पंचायत योजना समेत अन्य मदों को मिलाकर कुल 44 करोड़ 90 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया।
जिसमें एक करोड़ 65 लाख रुपये से कान्हा गोशाला का निर्माण होगा। वही नगर पंचायत में गृहकर, जलकर, जल निकासी कर पर भी चर्चा की गई। जो दिसंबर 2025 तक लागू करने की योजना है। नगर पंचायत में अधूरे पड़े मिनी नलकूपों को जल्द संचालित करने के लिए सभासदों ने प्रस्ताव रखा जिससे पेयजल की व्यवस्था व्यवस्थित हो सके। सभासद अंजू देवी, सूरज चौहान, अकरम, सुनील पाल, मतीन अहमद, अपसाना खातून, रागिनी वर्मा, अर्जुन निषाद , दिलशाद, नौशाद कुरैशी, उज्ज्वल कौशल, सज्जन निषाद, रूबी बेगम, आशिया खातून मौजूद रहे।