कानपुर। यमुना नदी और गंगा में आई बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के कुल 4438 प्रभावित किसानों के खातों में 1,74,35,006 रुपये की धनराशि मंगलवार को खाते में भेजी गई। इसमें घाटमपुर तहसील के 3499 और सदर तहसील के 939 किसान शामिल हैं।
अगस्त माह में यमुना और गंगा नदी में बाढ़ आने से घाटमपुर और सदर तहसील के कुछ गांवों में पानी भर गया था। इस दौरान किसानों की फसलें पूरी तरह से पानी में डूब गई थीं। करीब दो सप्ताह से अधिक गांव और खेतों में पानी भरा रहा। फसल भी पूरी तरह से सड़ गई। घाटमपुर तहसील के काटर, अमिरतेपुर, गड़ाथा, कटरी, बदले सिमनापुर, कोटरा, मकरंदपुर, कछार, अकबरपुर बीरबल बांगर, अकबरपुर बीरबल कछार, टिकरी गोरखा कछार, कम्हन टिकरी, मऊनखत, हरदौली मोहटा, रामपुर, लहुरीमउ, कासिमपुर, असवारमऊ, समुही के कुल 3499 किसानों की फसलें खराब हुई थीं। सदर तहसील के ईश्वरीगंज, चिरान, प्रतापपुरहरी, हिंदूपुर, ख्योरा कटरी के 939 किसानों की फसलें खराब हुईं। ब्यूरो