भीतरगांव (कानपुर)। पुलिस चौकी बिरहर के हस्कर गांव के पास बदमाशों ने बाइक सवार किशोर को रास्ते में घेरकर लूटपाट करने की कोशिश की। लेकिन, संयोग से कुछ राहगीरों के आने से बदमाश बिना लूटपाट किए भाग निकले। गांववालों ने सूचना पुलिस चौकी में दी लेकिन, कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। बिरहर चौकी इंचार्ज सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि उनको घटना की कोई जानकारी नहीं है।
कस्बे के मुरलीपुर गांव निवासी हकीम यादव के पुत्र दिलीप कुमार ने बताया कि गुरुवार की देर शाम बाइक से वह अकेले अपने घर लौट रहा था। तभी, हस्कर और बिरहर गांवों के बीच सूनसान जगह पर दो लोगों ने रोक लिया। बताया कि बदमाशों ने पहले उसकी तलाशी लेनी शुरू कर दी। दिलीप ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी पिटाई की। बताया कि तलाशी के दौरान ही अचानक पीछे से दो बाइकों पर सवार होकर कुछ लोग आते दिखे। बाइकों की रोशनी देख बदमाशों ने किशोर को घसीटकर गन्ने के खेत पर ले जाने का प्रयास किया। लेकिन, तबतक बाइक सवार लोग नजदीक आ गए। किशोर ने बताया कि यह देखकर बदमाश बिना लूटपाट किए तमंचे से फायर करके जंगल में भाग निकले। बताया कि बदमाश उसको तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।