उन्नाव। शहर कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर करीब 20 साल की दो युवतियां मिलीं। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। घर वालों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
लखनऊ कानपुर हाईवे पर शहर कोतवाली के गदनखेड़ा बाइपास चौैराहा के पास एक युवती गुमसुम हालत में खड़ी मिली। दुकानदारों ने उससे जानकारी करने का प्रयास किया लेकिन वह कुछ बता नहीं पाई।
लोगों ने पुलिस चौकी को सूचना दी तो होमगार्ड ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने उसे इमरजेंसी वार्ड से महिला वार्ड शिफ्ट कर दिया। अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी रामजीत यादव ने बताया कि काफी पूछने पर युवती ने अपना नाम सोनम पुत्री महेंद्र निवासी पटेल नगर रामादेवी थाना चकेरी कानपुर बताया। वह और कोई जानकारी नहीं दे पाई है। उसके घर वालों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।
दूसरी घटना में रात करीब नौ बजे लखनऊ-कानपुर रेल मार्ग पर आवास विकास कालोनी में एक युवती घायल हालत में मिली। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक युवती ने अपना नाम माधुरी पुत्री श्यामलाल निवासी जिला प्रतापगढ़ कुंडा बताया है। पुलिस के मुताबिक माधुरी किसी ट्रेन से गिरकर घायल हुई है। उसके घरवालों से संपर्क का प्रयास किया जा रहा है।
-लखनऊ-कानपुर हाईवे पर गुमसुम हालत में मिली युवती
-दूसरी आवास विकास में रेलवे ट्रैक किनारे घायल मिली