सजेती (कानपुर)। थानाक्षेत्र के अमौली गांव में मंगलवार की देर शाम किशोरी से छेड़छाड़ करने पर लोगों ने एक नशेबाज युवक की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष और सीओ मौके पर पहुंचे तबतक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के साथ जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की है। हत्या की वारदात अमौली से रैपुरा गांव की ओर जाने वाली रोड किनारे दलित बस्ती में हुई।
कोतवाली घाटमपुर के गांव निवासी छेदालाल संखवार ग्राम चौकीदार है। उसके बेटे रामसिंह (36) की पत्नी की बीते दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पत्नी की मौत के बाद रामसिंह शराब का लती हो गया था। वह नशेबाजी में झगड़ा-विवाद करता रहता था। मंगलवार की शाम वह शराब पीकर एक जगह बैठा था। तभी, उधर से एक 15 वर्षीय किशोरी निकली आरोप है कि रामसिंह ने हाथ पकड़ लिया और एक ओर घसीटकर ले जाने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर लोग दौड़े तो रामसिंह उनसे उलझ गया। इसी बात पर किशोरी के परिजनों ने रामसिंह को घेरकर लाठी-डंडे से पीटकर मार डाला और फरार हो गए। चौकीदार के पुत्र की हत्या की सूचना पाकर सजेती थानाध्यक्ष राजेंद्र रावत और सीओ शैलेंद्र सिंह के साथ ही फोरेंसिक टीम पहुंची।
सीओ ने बताया कि हत्या के मामले में गांव के मोनू, छोटू और दीपक बाल्मीकि पुत्रगण कारेलाल और मुन्ना वाल्मीकि समेत चार आरोपियों के नाम प्रकाश में आए हैं। बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीओ ने हत्या के पीछे नशेबाजी और किशोरी के साथ छेड़खानी की मुख्य वजह बताई। कहा कि मामले की जांच के साथ ही आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।