चौबेपुर (कानपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कानपुर नगर अखिलेश कुमार मीणा ने कहा कि थाने आने वाली पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लें। अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाए जाने के साथ ही सीमावर्ती संपर्क मांर्गों पर विशेष चौकसी बरतें। उक्त निर्देश मंगलवार को चौबेपुर थाना परिसर में नव निर्मित आगंतुक कक्ष के लोकार्पण के उपरांत मातहतों को दिए।
एसएसपी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनसे थाना पुलिस की कार्यशैली पर जानकारी ली। मालूम हुआ कि शिकायतकर्ताओं व आगंतुकों की सहूलियत के लिए पूर्व थाना प्रभारी उमेश कुमार सिंह द्वारा जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों व उद्यमियों के सहयोग से आगंतुक कक्ष का निर्माण थाना परिसर में कराया गया है। शिकायत कर्ताओं के अलावा महिला संबंधी शिकायतों के लिए इसमें विशेष व्यवस्था की गई है। सुसज्जित नव निर्मित कक्ष का लोकार्पण मंगलवार दोपहर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रदुमन सिंह, सीओ बिल्हौर की मौजूदगी में एसएसपी ने किया। लोकार्पण के बाद एसएसपी ने थाना निरीक्षण और अभिलेखों की जांच भी की। इस मौके पर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सोलंकी, रावेंद्र सिंह, कल्लू यादव, शैलेंद्र शुक्ला, रंजीत सिंह, नवीन गुप्ता, पीयूष मिश्रा और कार्तिकेय शुक्ला मौजूद रहे।