अमर उजाला ब्यूरो
चित्रकूट/भौंरी। महर्षि वाल्मीकि की जयंती जिले में धूमधाम से मनाई गई। प्राचीन वाल्मीकि आश्रम में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्कूल कालेजों में भी जयंती मनाई गई।
जिले के लालापुर गांव में स्थित वाल्मीकि आश्रम में हुई गोष्ठी में मप्र सरकार के नर्मदा घाटी व सामान्य प्रशासन मंत्री लाल सिंह वर्मा ने कहा कि वह इस स्थल पर आकर धन्य हो गए। सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा ने कहा कि वाल्मीकि आश्रम के सुंदरीकरण के लिए योजना बनाकर बजट पास कर दिया गया। विधायक आरके सिंह पटेल ने कहा कि वह विधायक निधि से आश्रम तक जाने के लिए रेलिंग लगवाएंगे। दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन महासचिव ने कहा कि महार्षि वाल्मीकि आश्रम के सुंदरीकरण का कार्य होना चाहिए। इस मौके पर भरत मंदिर के महंत दिव्य जीवन दास, कामता नाथ प्रमुख द्वार के महंत मदन गोपल दास, रामायणी कुटी के रामहृदय दास, संतोषी अखाड़ा के राजमीदास, राममनोहर दास, वाल्मीकि आश्रम के महंत भरतदास, चंद्र दत्त पांडेय आदि मौजूद रहे। वहीं जिले में खुले संस्कृत विद्यालयों में भी वाल्मीकि जयंती मनाई गई।
खबर का लिया संज्ञान
चित्रकूट। गोष्ठी के दौरान सभी ने अमर उजाला में गुरुवार के अंक में आश्रम की दुर्दशा से जुड़ी खबर- उपेक्षा का शिकार वाल्मीकि आश्रम, नहीं हो सका विकास को संज्ञान में लेकर कहा कि आगे इस आश्रम के विकास के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
गोशाला बनाने की मांग
चित्रकूट। वाल्मीकि आश्रम में संताें ने अन्ना गाय के लिए गोशाला खोलने की मांग जनप्रतिनिधियों से की। इस पर आश्वासन दिया गया कि जल्द ही इसकी पहल की जाएगी।
धूमधाम से मनी महर्षि वाल्मीकि की जयंती
-वाल्मीकि आश्रम में हुई गोष्ठी
-जनप्रतिनिधियों ने विकास कराने का किया वादा