अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। आगरा से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस के सामने कूदकर अधेड़ ने जान दे दी। ट्रेन चालक ने स्टेशन पर सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की मगर मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मौके पर ग्रामीणों की भी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह अछल्दा थानाक्षेत्र के गांव डुहल्ला के निकट करीब 55 वर्षीय अधेड़ कुर्ता-पैजामा पहने ट्रैक किनारे टहल रहा था। इंटरसिटी एक्सप्रेस गुजरी तो अधेड़ ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी।
उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्टेशन से थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की। मगर कोई भी ग्रामीण मृतक की पहचान नहीं कर सका।
मृतक की जेब से भी कोई कागज बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। शिनाख्त के बाद ही आत्महत्या के कारणों की जानकारी हो सकेगी।