अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर एआरटीओ कार्यालय के पास सोमवार सुबह बस खराब होने से जाम लग गया। इससे दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर लंबी वाहनों की लाइन लग गई। तेज धूप और उमसभरी गर्मी में बसों, कारों में बैठे लोगों का बुरा हाल रहा। पत्नी और बेटे के साथ ससुराल जा रहे बाइक सवार अधेड़ की हालत बिगड़ गई। लोगों ने किसी तरह उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जाम खुलवाने में लगे सीओ और उनके के गनर की भी तबीयत बिगड़ गई। गनर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सुबह करीब 10 बजे से लगा जाम शाम चार बजे यानी छह घंटे बाद खुला।
लखनऊ- कानपुर हाईवे पर शहर के हुसैननगर चौराहे के पास स्थित उन्नाव एआरटीओ कार्यालय के सामने सोमवार सुबह करीब दस बजे कानपुर जा रही निजी बस खराब हो गई। इससे धीरे-धीरे जाम के हालात बनने लगे। वाहनों को एक-एक कर निकलना पड़ा। किसी ने डिवाइडर फांदकर गलत दिशा से निकलने का प्रयास किया तो कोई गलत लेन पर वाहन लेकर निकल पड़ा। इसस देखते ही देखते दोनों तरफ लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। इस दौरान तमाम वीआईपी वाहन, एंबुलेंस भी फंसी रहीं। जाम में फंसे शहर के मोहल्ला बाबूगंज निवासी रामू यादव (50) की मौत हो गई। वह सोमवार सुबह पत्नी नन्ही यादव व बेटे नितिन के साथ बाइक से कोतवाली क्षेत्र के ही कोटरा गांव ससुराल जा रहे थे। वह गदनखेड़ा चौराहा के पास पहुंचे थे तभी जाम में फंस गए। पत्नी नन्ही यादव के मुताबिक इतना लंबा जाम था कि बाईपास चौराहा क्रास करने में दो घंटे लग गए। किसी तरह वह अचलगंज रोड पर पहुंचे तभी रामू बेहोश हो गए। पत्नी ने उन्हें सड़क किनारे लिटाया। एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। जाम के चलते न एंबुलेंस पहुंच पाई न पुलिस। करीब आधा घंटे बाद लोगों ने रामू को मैजिक से किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर एंबुलेंस समय से पहुंच जाती तो रामू की जान बच जाती। जाम खुलवाने में शहर कोतवाल अरविंद सिंह की तबियत बिगड़ गई। चक्कर आने पर सिपाहियों ने उन्हें एक दुकान पर लिटाया और पानी पिलाया। सीओ के गनर सद्दाम हुसैन बीमार हो गया वह चक्कर आने से सड़क पर गिर गया। सीओ ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ ने मंगलवार सुबह जाम की संभावना को देखते हुए थानाध्यक्षों को अलर्ट किया है।
हाईवे पर जाम ने ले ली जान
जाम खुलवा रहे कोतवाल और गनर की बिगड़ी तबीयत, गनर अस्पताल में भर्ती
सुबह 10 बजे लगा जाम शाम करीब चार बजे खुला, थानाध्यक्षों को किया अलर्ट
पत्नी, बेटे के साथ बाइक से ससुराल जा रहे अधेड़ की जिला अस्पताल में मौत