उन्नाव। मॉडल रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर जल निकासी का पर्याप्त साधन न होना हर साल बारिश में मुश्किलों का कारण बनता है। एक पखवाड़े में कई बार बारिश के बीच सिग्नल फेल होने से रेल आवागमन प्रभावित हो चुका है। रविवार को भी डाउन ट्रैक पर पानी भरने से करीब 14 मिनट तक सिग्नल फेल रहा और रनथ्रू एलटीटी एक्सप्रेस स्टेशन पर खड़ी रही।
दोपहर करीब 12:55 बजे झमाझम बारिश के बीच मुंबई से लखनऊ जा रही रनथ्रू लोकमान्य तिलक टर्मिनल एसी एक्सप्रेस सिग्नल फेल होने से प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी हो गई। रनथ्रू एक्सप्रेस के अचानक ठहराव होने से अधिकारियों में अफरातफरी मच गई।
सिग्नल फेल होने की जानकारी होने पर संकेतांक टीम हरकत में आई तब अधिकारियों नेे राहत की सांस ली। हरदोई पुल आउटर की तरफ रेल ट्रैक में जलभराव होने से सिग्नल बंद हो गया था। गैंगमैन ने आननफानन ट्रैक किनारे जमा मलबे को हटाया। तक ट्रैक से पानी निकला।
इस दौरान करीब 14 मिनट तक सिग्नल फेल होने से डाउन ट्रैक पर ट्रेनों के पहिये थमे रहे। लगभग 1:15 बजे सिग्नल सही होने पर एलटीटी एक्सप्रेस लखनऊ की तरफ रवाना हो सकी। कार्यवाहक स्टेशन अधीक्षक रनथ्रू एक्सप्रेस के स्टापेज का कारण कुछ मिनट पहले ट्रैक पर दूसरी ट्रेन को जाना बताया है।
एनाउंस सिस्टम भी धड़ाम
मॉडल रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का स्तर सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। पूछताछ कार्यालय में लगा एनाउंस सिस्टम कई दिनों से शोपीस बना है। जिससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी के लिए पूछताछ कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। सिस्टम धड़ाम होने से यात्रियों को ही नहीं रेल कर्मियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-14 मिनट खड़ी रही मुंबई से लखनऊ जा रही रनथ्रू एलटीटी एक्सप्रेस
-डाउन ट्रैक पर दोपहर में बारिश के दौरान फेल हुआ सिग्नल
अमर उजाला ब्यूरो