श्यामनगर में सोमवार देर रात टीवी एक्ट्रेस ऋचा दीक्षित के घर लाखों की चोरी में पुलिस को कोई बड़ा सबूत हाथ नहीं लगा है। फोरेंसिक टीम को दीवार पर निशान नहीं मिले। माना जा रहा है कि बारिश से निशान धुल गए। मंगलवार की सुबह ऋचा का पूरा परिवार शहर पहुंचा और घर की हालत देखकर दुखी हो गया।
पिता निरंजन दीक्षित के मुताबिक घर पर करीब 40 तोले सोने के जेवर व तीन लाख नगद थे, जो चोरी हो गए। ऋचा के पिता निरंजन दीक्षित ने पड़ोस में रहने वाले युवक दीशू दिवाकर के खिलाफ चोरी की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि दीशू अक्सर निरंजन की छत पर आता-जाता था और ताकझांक करता था। चकेरी एसओ का कहना है कि आरोपी के परिवार के मुताबिक, दीशू बीटेक करने के बाद दिल्ली में नौकरी करता है।
सुबह घर में दाखिल होते ही निरंजन दीक्षित अंदर का दृश्य देखकर रो पड़े। बताया कि 15 जुलाई को घर में बेटी सगाई हुई थी। सगाई में बेटी ऋचा, उसकी मां, भाभियों ने सभी गहने लॉकर से निकालकर पहने थे। गहनों को बगैर लॉकर में रखे ही पूरा परिवार कोटा रवाना हो गया था। तीन लाख नगद के अलावा तमाम कीमती सामान भी गायब हैं। बेटी की शादी के लिए किया गया पूरा इंतजाम खत्म हो गया। अब बेटी की शादी लोन लेकर करनी पड़ेगी।
वहीं पुलिस के मुताबिक चोर सोमवार दिन में बारिश के दौरान घर में दाखिल हुए होंगे। इस दौरान गली में सन्नाटा रहता है। चोर दीवार फांदकर दाखिल हुए और मुख्य दरवाजे पर लगे ताले को किसी औजार से तोड़ा। चोरों को मालूम था कि घर में काफी गहने रखे हैं। घर के उसी कमरे को निशाना बनाया जहां सारे गहने रखे थे।
सभी अलमारियों के लॉक तोड़े गए हैं। एसओ चकेरी आलोक यादव ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कल सोमवार को चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर रामपुरम में टीवी एक्ट्रेस ऋचा के घर से करीब 50 लाख की चोरी हुई थी। ऋचा का पूरा परिवार कोटा गया था। सूना घर पाकर चोरों ने वारदात कर डाली।
स्वीट हाउस मालिक के घर चोरी
कानपुर साउथ। परिवार समेत जयपुर घूमने गए स्वीट हाउस मालिक अरविंद गुप्ता के बर्रा स्थित घर में चोरी हो गई। मेनगेट का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने लॉकर तोड़कर करीब सवा पांच लाख रुपये की ज्वैलरी और 45 हजार रुपये पार कर दिए। पड़ोसी ने ताले टूटे देख घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे उनके बहनोई कुमार गौरव ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन के बाद तहरीर लेकर चली गई। बर्रा-6 निवासी अरविंद का पीरोड में स्वीट हाउस है। अरविंद के बहनोई कुमार गौरव ने पुलिस को बताया कि वह 17 जुलाई को परिवार के साथ घूमने के लिए जयपुर गए थे। एसओ तुलसीराम पांडे का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर चोरी के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
चकेरी में दो घरों और एक दुकान में चोरी
कानपुर (ब्यूरो)। कल्याणपुर आवास विकास निवासी किराना दुकानदार रामचंदर ने पुलिस को बताया कि सोमवार की रात वह पत्नी के संग पीछे के कमरे में और बेटा सोनू छत पर सो रहा था। चोर लान फांदकर घर में घुसे और कूलर में नशीला स्प्रे डालकर हमें बेहोश कर दिया। मंगलवार सुबह चोरी का पता चला।
चोर घर से करीब ढाई लाख की ज्वैलरी और पचास हजार रुपये ले गए हैं। उधर, चकेरी श्यामनगर स्थित भगवंत टटिया निवासी प्रदीप कश्यप की घर के नीचे ही परचून की दुकान है। सोमवार की रात चोरों ने शटर उठाकर दुकान से करीब 5 हजार का सामान पार कर दिया। पड़ोसी सिद्धनाथ के निर्माणाधीन मकान से भी चोर कुछ घरेलू सामान उठा ले गए हैं। कुछ ही दूरी पर रहने वाले शैलेश यादव के घर से भी चोरों ने पीतल के बर्तन और बाइक पार कर दी। पुलिस का कहना है कि चोरों का सुराग मिला है, जल्द ही पकड़े जाएंगे।
सीसीटीवी फुटेज में साथी संग कैद हुई महिला चोर
कानपुर साउथ (ब्यूरो)। नौबस्ता के हमीरपुर रोड स्थित आकर्षण गेस्ट हाउस से सोमवार रात जेवर और नकदी से भरा बैग पार करने वाली महिला और साथी सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। उधर, पीड़ित पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। बाबूपुरवा के बेगमपुरवा निवासी अजमत अली का निकाह के बाद सोमवार को आकर्षण गेस्ट हाउस में रिसेप्शन था।
अजमत की मां ने पुलिस को बताया कि खाना खाने के दौरान किसी ने रुपये और जेवर से भरा बैग पार कर दिया। देर रात पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में देखा तो इसमें महिला और उसके साथी को बैग ले जाते देखा गया है। इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी का कहना है कि दोनों की तलाश की जा रही है।