- इंजीनियरिंग कॉलेज और कालीबांह फीडर से जुड़े मोहल्लों की बिजली आठ घंटे तक बंद रहने से उमस में लो हुए बेहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बुधवार देर रात हुई बूंदाबांदी से 33 केवी लाइन फॉल्ट हो गया। इससे इंजीनियरिंग कॉलेज और कालीबांह बिजली घर की आपूर्ति ठप हो गई। उमस भरी गर्मी में इन दोनों बिजली घरों से जुड़े करीब 40 मोहल्लों के लोग परेशान रहे।
बुधवार रात करीब एक बजे बूंदाबांदी होने लगी। इस बीच कुनैरा बिजली घर से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट हो गया। इससे शहर के इंजीनियरिंग कालेज व कालीबांह बिजली घर की आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली के गुल होने व बूंदाबांदी होने से लोगों की नींद खराब हो गई और गर्मी में बेहाल रहे। सूचना पर बारिश के बीच निकली टीम को फॉल्ट ढूंढने के लिए मशक्कत करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद गुरुवार सुबह नौ बजे फाल्ट मिल सका। इसके बाद आपूर्ति बहाल कराई गई। वहीं रामलीला बिजली घर संबंधित क्षेत्रों की भी बिजली फाल्ट के चलते गुल रही। उपखंड अधिकारी प्रथम पीयूष मौर्य ने बताया कि देर रात फाल्ट होने पर विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई थी। अवर अभियंता टीम के साथ फाल्ट को खोजते रहे काफी समय बाद कुनैरा बिजलीघर के पास फॉल्ट मिल सका था। उसको ठीक कराने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी।