रक्षा सामग्री और भंडार अनुसंधान एवं विकास प्रतिष्ठान (डीएमएसआरडीई) कानपुर में तीन से छह अप्रैल तक देश भर के रक्षा वैज्ञानिकों और छात्रों का जमावड़ा लगेगा। चार दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में डीआरडीओ के अलावा अन्य वैज्ञानिक हिस्सा लेंगे। शहर के 150-200 रक्षा-प्रतिरक्षा औद्योगिक इकाइयों के कारोबारी भी आएंगे।
हैदराबाद स्थित टीआर अंततरामन एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से पहली बार आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस में नीति आयोग के डॉ. वीके सारस्वत मुख्य अतिथि होंगे। चार दिन तक चलने वाली इस कॉन्फ्रेंस में अलग-अलग दिन डीआरडीओ, आईआईटी, सेना के अधिकारी रूबरू होंगे।
कॉन्फ्रेंस का विषय एडवांस मैटीरियल एंड मैटीरियल टेक्नोलॉजी फॉर प्रोटोटाइप एंड सिस्टम (एएमएमटीपीएस-2019) रखा गया है। इस दौरान मिसाइल, एयरोस्पेस, नेविगेशन सिस्टम पर वैज्ञानिक चर्चा करेंगे। इसमें देश भर के इंजीनियरिंग कॉलेज के सैकड़ों छात्र शामिल हो सकते हैं। तकनीक प्रदर्शनी में मिसाइल, रडार, नेविगेशन, पनडुब्बी, परमाणु हथियारों से जुड़ी तकनीक आदि का प्रदर्शन किया जाएगा।