रसूलाबाद (कानपुर देहात)। छुट्टा मवेशियों से परेशान किसानों ने बुधवार की देर रात जग्गमनपुर धीर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में मवेशियों को बंद कर दिया। आक्रोशित किसानों ने शासन प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। वहीं सुबह स्कूल पहुंचे प्रधानाध्यापक ने परिसर में मवेशियों को देख सूचना एसडीएम तथा खंड शिक्षाधिकारी को देते हुए 100 नंबर पुलिस से सहायता मांगी। मौके पर प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, नायब तहसीलदार जगरूप सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे, जिसके बाद मवेशियों को बाहर निकाला गया।
छुट्टा मवेशी लोगों के लिए समस्या बनते जा रहे हैं। किसानों का दिन रात फसलों की रखवाली में बीत रहा है। हालांकि शासन की ओर से इसके लिए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया गया है, लेकिन निश्चित समय सीमा बीतने के बाद भी अब तक कोई खासी प्रगति नहीं दिख रही। इसे देखते हुए बुधवार देर रात क्षेत्र के आक्रोशित किसानों ने जग्गमनपुर धीर गांव के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में करीब 100 मवेशियों को बंद कर दिया। सुबह स्कूल खोलने के समय पहुंचे प्रधानाध्यापक आलोक कुमार विद्यालय पहुंचे तो स्कूल में एक सैकड़ा से अधिक तादाद में बंद पशुओं को देखकर वह हक्के-बक्के रह गए। इसके बाद उन्होंने मामले की सूचना एसडीएम रसूलाबाद जेपी पांडेय, खंड शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार सिंह को देते हुए यूपी 100 पुलिस से सहायता मांगी, जिसके बाद मौके पर नायब तहसीलदार जगरूप सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार सिंह, असालतगंज चौकी इंचार्ज बैजनाथ सहित भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया। इसके बाद पशुओं को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया। ग्रामीण नफीस, शिवमंगल, जगदीश, सुरेंद्र, रमाकांत सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मवेशियों नेे सैकड़ों बीघा लाही, चना व गेहूं आदि की फसल चौपट कर दी है। फसल की दोबारा बुआई के लिए बीज लाने तक के पैसा नहीं है। तहसीलदार अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस बल की सहायता से आवारा पशुओं को विद्यालय से रिहा करवा दिया गया है।