झींझक(कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के श्री का पुरवा गांव में बीती 26 दिसंबर को बदमाश को पकड़ने गए चौकी प्रभारी पर ईंट पत्थर से हमला कर जख्मी कर दिया गया था। इसके बाद से बदमाश फरार था। बीती शुक्रवार देररात कसोलर और बीसलपुर गांव के बीच सड़क के पास घेराबंदी कर पुलिस ने हत्या और लूट के आरोपी को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने ईटा बरामद किया है। आरोपी के पास से लूट का 786 नंबर का पांच सौ रुपये का नोट भी बरामद हुआ है।
मंगलपुर थाना के हिसावा गांव में संदलपुर निवासी गल्ला व्यापारी अरशद से श्री का पुरवा गांव निवासी संजू और उसके दो साथियों ने 10 जून को एक लाख रुपये लूटे थे। जिसमें एक 500 का नोट 786 नंबर का था। अरशद ने संजू सहित तीन के खिलाफ 13 जून को मुकदमा पंजीकृत कराया था। गत 26 दिसंबर को चौकी प्रभारी संदलपुर उसकी गिरफ्तारी के लिए गए थे, जहां उसने व उसके परिजनों ने चौकी प्रभारी संदलपुर गजेन्द्र पाल को ईंट मारकर घायल कर दिया था। बदमाश तमंचे से फायर कर मौके से फरार हो गया था।
सीओ डेरापुर तेज बहादुर के नेतृत्व में पुलिस की दो टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिये दबिश दे रही थी। बीती शुक्रवार रात मुखबिर की सूचना पर कसोलर बीसलपुर मार्ग पर निरीक्षक मंगलपुर तुलसीराम पांडेय, चौकी प्रभारी संदलपुर गजेन्द्र पाल, चौकी प्रभारी कंचौसी अनिल भदौरिया व थाने के दरोगा कृपाल सिंह ने घेराबंदी कर तेरा गांव के रास्ते में आरोपी बदमाश को दबोच लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ईंट व 500 रुपये बरामद किए। पूछताछ में लुटेरे ने दो सथियों राघवेंद्र उर्फ मनखुनी निवासी श्री का पुरवा व दीपू निवासी अछल्दा के साथ मिलकर लूट करने की बात कबूली है। तमंचा कहीं फेंक देने की बात बताई। लुटेरे संजू ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम मे एक नोट 786 नंबर का भी था वह अपने पास रख लिया था। बाकी पैसों का बंटवारा कर खर्च कर दिए थे। निरीक्षक मंगलपुर तुलसीराम पांडेय ने बताया की पकड़े गए आरोपी को पुलिस मुजहमत और लूट का माल बरामदगी की धाराओं में जेल भेजा है। मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये दबिशें दी जा रही है।