अमर उजाला ब्यूरो
गाजीपुर (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के पखरौली गांव में विवादित धार्मिक स्थल की बाउंड्री निर्माण को लेकर फिर तनाव पैदा हो गया है। दूसरे पक्ष के ग्रामीणों ने सोमवार को थाने पहुंचकर आपत्ति दर्ज कराई। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई करने से हाथ खड़ा कर दिए हैं।
पखरौली गांव में वर्ष 2000 में धार्मिक स्थल बना था, जिसमें 2005 से धार्मिक कार्यक्रम शुरू हो गए थे। इस दौरान ग्रामीणों के विरोध के चलते विवाद हो गया था। स्थिति पर काबू पाने के लिए पीएसी को कैंप करना पड़ा था। बवाल में 22 लोग नामजद हुए थे। एक साल तक पीएसी के डेरा डालने की बाद स्थिति काबू हुई थी। इस मामले का वाद कोर्ट में विचाराधीन है। सोमवार को धार्मिक स्थल में बाउंड्री का निर्माण शुरू किया गया है।
ऐसे में गांव के एक पक्ष के तकरीबन 50 लोग दोपहर थाने पहुंचे और एसओ को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने उन्हें यह कहकर वापस लौटा दिया कि एसडीएम के आदेश पर निर्माण हो रहा है। उधर, एसओ धीरेंद्र सिंह का कहना है कि धार्मिक स्थल में लाउडस्पीकर लगाने की अनुमति एसडीएम ने दे रखी है। ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में उन्होंने ग्रामीणों को थाने से लौटा दिया है। उन्होंने मौके पर किसी तरह का निर्माण होने से इनकार किया है।