अमर उजाला ब्यूरो
हरदोई। हरपालपुर विकास खंड की औहदपुर ग्राम पंचायत के मजरा संझारा गांव में बने पंचायत भवन पर कब्जा करने के मामले में पूर्व प्रधान के बेेटों व भतीजों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला डीएम के संज्ञान में आने पर बीडीओ की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है।
औहदपुर ग्राम पंचायत के प्रधान सोमेश प्रताप सिंह ने 4 जुलाई को तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय तहसील दिवस में डीएम से पंचायत भवन पर कब्जा किए जाने की शिकायत की थी।
बताया कि गांव के पूर्व प्रधान के दो बेटों व दो भतीजों ने मिलकर पंचायत भवन पर कब्जा कर रखा है। भवन को तोड़ कर उसकी ईंटें गायब कर दी गई हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद डीएम ने बीडीओ हरपालपुर वंदना जौहर से पूरे मामले की जांच कराई थी।
जांच में कब्जे व ईंट गायब करने के आरोप सही पाए गए लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी मामले में दोबारा शिकायत पर डीएम ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार को बीडीओ वंदना जौहरी की जांच आख्या व प्रधान सोमेश प्रताप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व प्रधान हरीराम यादव के बेटे मिंटू व श्याम सिंह एवं भतीजे रघुवीर सिंह व राकेश पुत्रगण बाबूराम के खिलाफ पंचायत भवन पर कब्जा करने व उसकी ईंटें चुराने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक बृजेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।