अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। एरवाकटरा थाना क्षेत्र के रानेपुर दत्त गांव में सोमवार को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने विवाहिता के पति को हिरासत में लिया है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद क्षेत्र के बदहरा निवासी दौलतराम ने बताया कि उसने अपनी पुत्री कोमल की शादी तीन वर्ष पूर्व औरैया के एरवाकटरा क्षेत्र के रानेपुर दत्त गांव निवासी दिनेश के पुत्र महेंद्र के साथ की थी।
सोमवार को अचानक ससुरालियों ने विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों को कोमल के बीमार होने की सूचना दी। जब मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने हंगामा किया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल महिला के पति को हिरासत में ले लिया।
विवाहिता के पिता दौलत राम का आरोप है कि ससुराल वाले लगातार ढाई लाख रुपये व बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या कर दी। विवाहिता के पिता ने पुलिस को तहरीर दी है।
वही गांव में देर रात समझौते को लेकर प्रयास किये जाते रहे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया फिलहाल उन्हें मामले की तहरीर नहीं मिली है, लेकिन विवाहिता के पति को हिरासत में ले लिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।