कानपुर देहात। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को माध्यमिक स्कूलों के 300 छात्रों ने जिला स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाली। छात्रों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने जिला स्टेडियम में रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दकी ने बताया कि रैली में छात्रों ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने व राष्ट्रीय पर्व में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की डीआईओएस बृजभूषण चौधरी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान का संदेश मिलता है। जिला युवा अधिकारी प्रिया तिवारी, क्रीड़ा सचिव संजय मिश्रा, डीआईओएस कार्यालय के डीसी एसएन कटियार व अन्य मौजूद रहे।
वहीं, सिकंदरा में नगर पंचायत कार्यालय से स्कूली छात्रों ने तिरंगा यात्रा निकाली। राज्य मंत्री अजीत पाल ने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति का माहौल बनाया जा रहा है। राज्यमंत्री व नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा पाल ने पटेल चौक स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा को रवाना किया। यात्रा में राज इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स और मदरसा निजामिया के छात्र-छात्राओं ने तिरंगा थामकर बढ़-चढ़कर भाग लिया। मनोज कुमार, संदीप, राघवेंद्र तिवारी, पंकज पाल, नीतेश मिश्र, अमित सक्सेना व सभी सभासद मौजूद रहे।