कानपुर देहात। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मौसम में हुए बदलाव व ठंड बढ़ने पर सर्दी खांसी, जुकाम के साथ बुखार के मरीज अधिक रहे। 30 केंद्रों पर 2664 मरीज देखे गए। कई मरीजों को अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे व खून से संबंधित जांचों की डॉक्टरों ने सलाह दी। मगर सुविधा न होने पर मरीजाें को हायर सेंटर की सलाह दी गई।
जिले के एक शहरी व 29 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मेले में मरीज इलाज के लिए पहुंचे। मेले में 189 मरीज बुखार के पहुंचे। इनमें से 60 की मलेरिया एवं 14 की डेंगू जांच कराई गई। किसी में मलेरिया, डेंगू नहीं पाया गया। वहीं, 148 मरीज सर्दी जुकाम, 237 मरीज पेट के रोग, 308 त्वचा रोगी पहुंचे। वहीं 29 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण किया गया। इनमें से कई केंद्रों पर पहुंचे मरीजों को डाक्टरों ने अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे आदि जांचे कराने की सलाह दी। स्वास्थ्य केंद्रों पर जो सुविधाएं मुहैया थी, उनकी जांच कराई। जबकि अन्य को मेडिकल कॉलेज जाने की सलाह दी। रसधान, उरसान, मैथा, झींझक केंद्रों का स्वास्थ्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया।