कन्नौज के इंदरगढ़ में विसर्जन यात्रा में जाते समय श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर की छतरी से बिजली का केबल टूटने के बाद दो वर्ग आमने-सामने आ गए। मामला बढ़ने पर इनमें पथराव शुरू हो गया। इससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची यूपी डायल 100 के सिपाहियों ने पथराव कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया तो पुलिस टीम पर थी पथराव कर दिया गया।
घटना में दो सिपाहियों समेत 26 लोग घायल हुए हैं। इन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। वहीं तनाव देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इंदरगढ़ थानाक्षेत्र के गांव मंसुखपुरवा निवासी प्रेम सिंह यादव के घर चल रही श्रीमद्भागवत कथा का सोमवार को समापन हुआ था। मंगलवार को प्रेम सिंह यादव दो ट्रैक्टर ट्रालियों में परिवार और गांव के लोगों के साथ पूजन सामग्री का विसर्जन करने उमर्दा स्थित निचली गंग नहर जा रहे थे।
फकीरेपुर गांव में सनवर अली का बिजली केबल ट्रैक्टर की छतरी में फंस कर टूट गया। इस पर सरवर अली और प्रेम सिंह यादव के बीच गाली-गलौल के बाद मारपीट होने लगी। ट्रैक्टर ट्राली में सवार श्रद्धालुओं और सनवर अली के समर्थन में आए ग्रामीणों के बीच पथराव शुरू हो गया। मामले की सूचना पर यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस टीम ने लोगों को समझाने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे सिपाही आनंद पटेल और सूरज घायल हो गए। दोनों पक्षों के बीच करीब आधे घंटे तक हुए पथराव में 26 लोग घायल हुए हैं। जानकारी पर इंदरगढ़ थाना प्रभारी सुजीत कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। इसके बाद सभी घायलों को मेडिकल कालेज भिजवाया।
एएसपी विनोद कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी ने बताया कि पथराव करने वाले सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सनवर अली की तहरीर पर इंदरगढ़ थाने में शैलेंद्र कुमार उर्फ भूरा, बिन्नू यादव, बलजीत, सोनू, अजीत, विजय, सौरभ, छुन्ना, बगड़, कल्लू, पुत्तन, नन्हूं और एक दर्जन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।