कानपुर। शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत चालू वित्तीय वर्ष के लिए जिले को 2586 आवासों का लक्ष्य दिया है। पहले से चिह्नित करीब 19 हजार पात्र ग्रामीणों में से लाभार्थियों का चयन कर आवास दिए जाएंगे।
योजना के लिए जिले में पहली बार एआई से सर्वे कराया गया था। करीब दो माह पहले सर्वे पूरा होने के बाद संभावित पात्र परिवारों की सूची तैयार की गई। इसी सूची से पहले चरण में 2586 लाभार्थी चुने जाएंगे। शासन ने 2029 तक जिले के करीब 19 हजार पात्र ग्रामीण परिवारों को आवास देने का लक्ष्य रखा है।
चालू वित्तीय वर्ष में भीतरगांव ब्लॉक को सर्वाधिक 706 आवास मिले हैं। बाकी आवासों का ब्लॉकवार आवंटन होगा। परियोजना निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि चिह्नित सूची से ही लाभार्थियों को आवास का लाभ दिया जाएगा। (ब्यूरो)