कानपुर। अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक बैंक में एक महिला के म्यूल एकाउंट के खिलाफ 25 शिकायतें साइबर सेल को मिली। इस पर थाना पुलिस ने जांच की तो मामला सही पाया और महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार साइबर सेल कार्यालय स्वरूप नगर (सेंट्रल जोन) से थाना अनवरगंज क्षेत्र के बैंकों में म्यूल खाते संचालित होने की जानकारी मिली थी। जब इसकी जांच-पड़ताल की गई तो लाटूश रोड की एक बैंक एक महिला के नाम से खोला गया खाता संदिग्ध मिला। यह खाता मूलगंज चौक निवासी किसी अनीता के नाम का निकला। जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि उक्त खाते के खिलाफ एनसीआरपी पर विभिन्न राज्यों से कुल 25 शिकायतें दर्ज हैं। एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर खाताधारक की भूमिका और साइबर गिरोह से उसके क्या संबंध हैं, इसकी जांच कराई जा रही है। यह भी जानकारी की जा रही है कि खाते के माध्यम से कितने का अवैध लेनदेन किया गया है और उसे संचालित कौन कर रहा था। इसके लिए बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जाएगी। (ब्यूरो)