ट्रायल में क्षमता का प्रदर्शन करते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
कानपुर। 13वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग के लिए शुक्रवार से ट्रायल शुरू हुए। जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ मैदान पर हुए ट्रायल में पहले दिन 230 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। ट्रायल नौ से 11 मई तक चलेंगे।
पहले दिन कानपुर नगर से 135 व लखनऊ, फतेहपुर, अलीगढ़, उन्नाव, पीलीभीत, चित्रकूट, कर्वी, बांदा, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर समेत 22 जिलों से 95 खिलाड़ी शामिल हुए। आयोजन मंत्री अमित मिश्रा ने बताया कि सुबह 6:30 बजे से ट्रायल प्रारंभ हुए।
इसमें खिलाड़ियों ने नेट्स पर बल्लेबाजी, गेंदबाजी, विकेटकीपिंग में अपनी प्रतिभा दिखाई। चयनकर्ता विकास यादव, इंदरपाल सिंह, राकेश तिवारी, केसीए अध्यक्ष एसएन सिंह, पूर्व रणजी खिलाड़ी राहुल सप्रू ने सभी का बारीकी से आकलन किया।
कुछ खिलाड़ियों को चयनकर्ताओं ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी के टिप्स भी दिए। पहले दिन ट्रायल दोपहर 1:30 बजे तक चला। 10 और 11 मई को भी खिलाड़ियों को सुबह छह बजे मैदान पर रिपोर्टिंग करनी है। 13 मई को ट्रायल का परिणाम जेएनटी की वेबसाइट पर घोषित किया जाएगा।